CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश के आसार, इन 21 जिलों में अलर्ट

CG Weather Update

CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज 1 सितंबर को राज्य के 6 जिलों में Orange Alert और 15 जिलों में Yellow Alert जारी किया है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, 2 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कमी आने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा और रायपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। बलरामपुर जिले के चांदो में सबसे ज्यादा 290 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा MCB जिले के कोटाडोल में 168 मिमी, शंकरगढ़ में 120 मिमी और रायपुर शहर में 131 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

लगातार बारिश के कारण MCB जिले के कोटाडोल में खिरकी नाला की पुलिया टूट गई है। पुलिया टूटने से कोटाडोल को मध्यप्रदेश से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। इससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हुआ है।

प्रदेश में 1 जून से 31 अगस्त तक कुल 917.1 मिमी यानी 36.1 इंच बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 933.2 मिमी यानी 36.7 इंच मानी जाती है। इस लिहाज से प्रदेश में अब तक सामान्य से 16.1 मिमी यानी करीब 0.6 इंच कम बारिश हुई है। बारिश सामान्य से लगभग 2 प्रतिशत कम है।

रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में भी आज 1 सितंबर को मौसम बदला रहेगा। शहर में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मानसून का कोटा पूरा होने के करीब छत्तीसगढ़

जून से सितंबर तक पूरे मानसून सीजन में छत्तीसगढ़ में औसतन 1132.3 मिमी यानी 44.6 इंच बारिश होती है। वहीं, 1 जून से 31 अगस्त तक प्रदेश में 917.1 मिमी बारिश हो चुकी है। मानसून के औसत आंकड़े तक पहुंचने के लिए सितंबर में अब करीब 215.3 मिमी यानी 8.5 इंच बारिश की जरूरत है।

इससे साफ है कि प्रदेश में मानसून सीजन की सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा होने के काफी करीब पहुंच चुका है।

सितंबर में देशभर में सामान्य से कम बारिश का अनुमान

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुमान के मुताबिक सितंबर 2026 में देशभर में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है। बारिश दीर्घकालिक औसत (LPA) के 91 प्रतिशत से कम रह सकती है। सितंबर में देश की सामान्य बारिश 167.9 मिमी मानी जाती है।

इसके साथ ही सितंबर में दिन का औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। IMD के मुताबिक अगस्त 2026 में देश का औसत तापमान 28.01°C रहा, जो वर्ष 1901 के बाद अगस्त महीने में सबसे अधिक है।

अगस्त का सामान्य औसत तापमान 27.34°C है। वहीं अगस्त में रात का औसत तापमान भी 24.36°C दर्ज किया गया, जो 1901 के बाद अगस्त महीने में सबसे अधिक रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *