Raipur Murder Case : आधी रात मामूली विवाद ने लिया खूनी मोड़, युवक की चाकू मारकर हत्या

Raipur Murder Case

Raipur Murder Case: राजधानी रायपुर में अपराध का एक और मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर में सोमवार देर रात मामूली विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात गौसिया मस्जिद के पास हुई, जहां दो अज्ञात युवकों ने युवक पर धारदार हथियार से कई वार किए और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामूली विवाद के बाद हुआ हमला

मृतक की पहचान डंगनिया निवासी अहमद खान (22) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब साढ़े 12 बजे अश्वनी नगर की एक गली में अहमद का किसी बात को लेकर दो युवकों से विवाद हो गया।

बहस बढ़ने के बाद अहमद स्कूटी से वहां से निकलने लगा। इसी दौरान उसकी स्कूटी सड़क किनारे स्थित नाली में गिर गई, जिससे वह सड़क पर जा गिरा। आरोप है कि उसका पीछा कर रहे दोनों युवकों ने इसी दौरान उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमलावरों ने अहमद पर कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

एम्स ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अहमद को इलाज के लिए एम्स अस्पताल ले गई।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अहमद को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

DCP-ADCP और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं

22 वर्षीय युवक की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। DCP, ADCP और ACP के साथ क्राइम ब्रांच की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई है। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज के जरिए फरार आरोपियों की पहचान करने में मदद मिल सकती है।

इसके अलावा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं

फिलहाल अहमद खान की हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामूली विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ-साथ CCTV फुटेज और अन्य सुरागों की जांच कर रही है।

रायपुर में बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस ने जताई नाराजगी

घटना को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि राजधानी में लगातार हत्या और चाकूबाजी की घटनाएं चिंता का विषय हैं। कन्हैया अग्रवाल ने आरोप लगाया कि रायपुर में नशे और अवैध कारोबार का नेटवर्क बढ़ रहा है, जिसमें गांजा और अवैध शराब की बिक्री के साथ सट्टा और जुए के कारोबार के कारण शहर की स्थिति प्रभावित हो रही है।
‘अपराधियों में कानून का खौफ खत्म’

कन्हैया अग्रवाल ने दावा किया कि अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो गया है, जिसके कारण राजधानी में लगातार चाकूबाजी और हत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिक और व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशे के अवैध कारोबारियों, सटोरियों और अन्य अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने अवैध नशे के कारोबार, सट्टा, जुआ और अपराधियों के खिलाफ तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस जनता की सुरक्षा और राजधानी में शांति व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर आंदोलन करेगी।

फिलहाल पुलिस का पूरा फोकस फरार दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी पर है। हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *